

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : दक्षिण अंडमान जिला परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मान्नारघाट निर्वाचन क्षेत्र के पी. उम्मर तथा उपाध्यक्ष आर.के.पुर, लिटिल अंडमान निर्वाचन क्षेत्र के आशामांजा हलदर का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को अटल भवन, जिला परिषद दक्षिण अंडमान के सम्मेलन कक्ष में आयोजित किया गया। दक्षिण अंडमान जिला की उपायुक्त पूर्वा गर्ग, आईएएस ने अधिकारियों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, जिला परिषद सदस्यों तथा आम जनता की उपस्थिति में दोनों जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष पी. उम्मर और उपाध्यक्ष आशामांजा हलदर ने आश्वासन दिया कि भारत सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी गंभीरता और प्रभावशीलता के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण विकास गतिविधियों को और मजबूत बनाने तथा दक्षिण अंडमान के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के समग्र कल्याण के लिए सार्वजनिक धन का उचित उपयोग सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष प्रकाश अधिकारी ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने दक्षिण अंडमान के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने हेतु अपना पूर्ण सहयोग और समर्थन देने का आश्वासन दिया।
दक्षिण अंडमान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रजनीश सिंह, ने भी जिला परिषद सदस्यों द्वारा ग्रामीण जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए दिखाई गई सक्रिय रुचि और सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जिला परिषद दक्षिण अंडमान के अधिकारियों द्वारा विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में दी जा रही समर्पित सेवाओं और ईमानदार प्रयासों की भी प्रशंसा की।