एनवीडिया : चिप तस्करी नेटवर्क में एलिस हुआंग का सहयोगी ली मिंग : रिपोर्ट

चीन को प्रतिबंधित एआई चिप्स पहुंचाने वाले नेटवर्क में अहम भूमिका निभाने का आरोप
Nvidia: Li Ming, an associate of Alice Huang, linked to chip-smuggling network – Report
एनवीडिया
Published on: 

न्यूयॉर्क/सिंगापुर : एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग की गर्लफ्रेंड एलिस हुआंग के सहयोगी ली मिंग पर चीन को प्रतिबंधित एआई चिप्स पहुंचाने वाले नेटवर्क में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ली मिंग एनवीडिया की चिप लगे कंप्यूटर सर्वर पहले मलेशिया भेजता था। वहां से इन्हें कथित तौर पर चीन पहुंचाया जाता था। इस नेटवर्क में ली अकेला नहीं था। वह एलिस हुआंग और उनके पति कांग वेई के साथ मिलकर कई देशों में कंपनियां संचालित कर रहा था। इन कंपनियों के जरिये चीनी कंपनियों को उन्नत एआई चिप्स और कंप्यूटिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, कांग वेई चीन में बड़े डेटा सेंटर स्थापित करने की परियोजनाओं से भी जुड़े थे। 2021 से 2024 के बीच उनके कारोबारी नेटवर्क से संबंधित डेटा सेंटर परियोजनाओं में नौ अरब डॉलर (करीब 83 हजार करोड़ रुपये) के निवेश की योजना थी।

सर्वर की अवैध आपूर्ति का आरोप

सिंगापुर के अभियोजकों ने फरवरी 2025 में ली और कुछ अन्य लोगों पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे। आरोप है कि ली ने एनवीडिया चिप वाले सर्वर अमेरिकी आपूर्तिकर्ता से यह कहकर खरीदे कि उनका इस्तेमाल सिंगापुर स्थित कंपनी में होगा। हालांकि, सर्वर पहले मलेशिया और फिर किसी अज्ञात तीसरे देश भेज दिए गए। ली फिलहाल जमानत पर है और मामला अदालत में लंबित है।

एलिस हुआंग के साथ कारोबारी संबंध

रिपोर्ट के मुताबिक, ली चीनी कारोबारी एलिस हुआंग और उनके पति कांग वेई के साथ कई वर्षों से काम कर रहा था। तीनों ने दक्षिण-पूर्व एशिया में चीनी ग्राहकों को कंप्यूटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कारोबारी नेटवर्क बनाया। एलिस मेगास्पीड की प्रबंध निदेशक थीं। कंपनी को एनवीडिया के क्लाउड पार्टनर कार्यक्रम से जुड़ने के बाद उन्नत चिप खरीदने की प्राथमिकता मिली थी।

नई कंपनी नोवागेट पर भी सवाल

एलिस के कंपनी छोड़ने के बाद मेगास्पीड का कारोबार लगभग ठप हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, इससे जुड़े लोगों ने नोवागेट क्लाउड नाम से नया उद्यम शुरू किया। 2026 के शुरुआती पांच महीनों में इसकी मलेशिया स्थित एक इकाई को एनवीडिया चिप वाले कम से कम 30 करोड़ डॉलर के उपकरण मिले। नोवागेट और मेगास्पीड के बीच संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News