

इस्लामाबाद : पाकिस्तानी सेना के एक शीर्ष कमांडर ने पाकिस्तान की धरती से होने वाले किसी भी आतंकी हमले का ‘‘कड़ा जवाब’’ देने संबंधी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि परमाणु हथियारों से लैस देशों के बीच टकराव की कोई गुंजाइश नहीं है। पाकिस्तान की ‘नेशनल स्ट्रैटेजिक कमांड’ के जनरल आमिर रजा ने शनिवार को कहा, “हमारी सीमाओं के पार शत्रुतापूर्ण मंसूबे रखने वालों के लिए हमारा रुख दृढ़ और स्पष्ट है। परमाणु हथियारों से लैस देशों के बीच टकराव या युद्ध की कोई गुंजाइश नहीं है।” रजा, काकुल में पाकिस्तान सैन्य अकादमी (पीएमए) के 154वें ‘लॉन्ग कोर्स’ के कैडेट की पासिंग आउट परेड को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान दोहराया कि पाकिस्तान अपने भू-भाग के ‘एक-एक इंच’ की रक्षा करने के लिए तैयार है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक दिन पहले सिंह के बयान की निंदा की थी, जिसके बाद रजा की यह टिप्पणी आई है।