

दिल्ली : पश्चिम बंगाल में बिहारी और हिंदी भाषी वोट बैंक पर नजर रखते हुए भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार शाम दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंच रहे हैं। इस दौरान वह दुर्गापुर और आसनसोल में पार्टी की कई अहम संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। ये दोनों क्षेत्र हिंदी भाषी मतदाताओं का प्रमुख केंद्र माने जाते हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों की जड़ें बिहार और झारखंड से जुड़ी हुई हैं।
नितिन नवीन दुर्गापुर में कमल मेला मैदान का दौरा करेंगे और इसके बाद भाजपा द्वारा आयोजित एक बैठक में शामिल होंगे, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ राजनीतिक हालात और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से महज तीन महीने पहले नितिन नवीन का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह यात्रा खास तौर पर हिंदी भाषी और बिहारी मतदाताओं को साधने की रणनीति का हिस्सा है।
गौरतलब है कि बर्दवान जिले के दुर्गापुर और आसनसोल लोकसभा क्षेत्रों से वर्तमान सांसद तृणमूल कांग्रेस के कीर्ति आज़ाद और शत्रुघ्न सिन्हा हैं, जो दोनों बिहार से ताल्लुक रखते हैं। हिंदी भाषी वोटरों को आकर्षित करने के उद्देश्य से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में इन दोनों नेताओं को उम्मीदवार बनाया था। पश्चिम बर्दवान जिला एक समय भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता था, हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में यहां तृणमूल कांग्रेस को जीत मिली। अब भाजपा को उम्मीद है कि बिहार के कद्दावर नेता नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी एक बार फिर इन इलाकों में हिंदी भाषी मतदाताओं का भरोसा जीतने में सफल होगी।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नितिन नवीन का यह दौरा दुर्गापुर और आसनसोल में रह रहे बड़ी संख्या में बिहारी मतदाताओं के बीच नए उत्साह का संचार करेगा और भाजपा के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक लाभ की जमीन तैयार करेगा।