

इलुलिसाट (ग्रीनलैंड) : डेनमार्क से भविष्य में स्वतंत्रता की राह देख रहे ग्रीनलैंड ने अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नया हवाई अड्डा शुरू किया है। कोपेनहेगन से इलुलिसाट के बीच पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान का संचालन किया गया। करीब साढ़े चार घंटे की इस उड़ान में ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेंस-फ्रेडरिक नीलसन समेत 169 यात्री सवार थे। प्रधानमंत्री नीलसन ने इसे ग्रीनलैंड के इतिहास का सबसे बड़ा निवेश बताया। उनका कहना है कि स्वतंत्रता के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मजबूत अर्थव्यवस्था और उद्योग जरूरी हैं। फिलहाल यहां की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से मछली उद्योग पर निर्भर है। नया हवाई अड्डा बड़े यात्री विमानों के संचालन में सक्षम है। इससे यूरोप और अमेरिका से सीधी उड़ानों की संभावनाएं बढ़ेंगी। हालांकि, पर्यटन विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण और सीमित बुनियादी ढांचे पर दबाव बढ़ने की चिंता भी है।