

काठमांडू : नेपाल ने सितंबर के मध्य से अक्टूबर के मध्य तक भारत को करीब 3.9 करोड़ डॉलर (लगभग 350 करोड़ रुपये) की बिजली का निर्यात किया। नेपाल विद्युत प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक दीर्घायु कुमार श्रेष्ठ ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगस्त में अचानक आई बाढ़ के कारण बिजली निर्यात बाधित हो गया था, लेकिन सितंबर के मध्य से इसमें सुधार हुआ। नेपाल ने इस अवधि में करीब 5.92 अरब नेपाली रुपये की बिजली भारत को बेची। श्रेष्ठ के अनुसार, भारत को होने वाली कुल बिजली आपूर्ति का लगभग दो-तिहाई हिस्सा द्विपक्षीय समझौतों के तहत निर्यात किया गया। नेपाल ने शुक्रवार को भारत के पारेषण नेटवर्क के जरिये बांग्लादेश को 40 मेगावाट बिजली का निर्यात भी दोबारा शुरू किया। अगस्त में भोतेकोशी क्षेत्र में आई बाढ़ से त्रिशूली और चिलिमे जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा था। इन परियोजनाओं से बांग्लादेश को बिजली की आपूर्ति की जानी थी। गौरतलब है कि 26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास हिमालयी क्षेत्र में हिमस्खलन के बाद आई बाढ़ में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी और 5,000 से अधिक लोग लापता हो गए थे।