नेपाल : सरकार ने बाढ़ प्रभावित कारोबारियों को दी राहत, उजड़ी बस्तियों का होगा पुनर्वास

मृतक कर्मियों के परिवारों को 10 लाख नेपाली रुपये की सहायता
Nepal provides relief to flood-affected traders; devastated settlements to be rehabilitated
बाढ़ से प्रभावित इलाके का दृश्य
Published on

काठमांडू : नेपाल सरकार ने 26 अगस्त की विनाशकारी भोटेकोशी बाढ़ से प्रभावित कारोबारियों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की है। इसमें करों में अस्थायी रियायत, ऋण पुनर्गठन और सस्ती दर पर कर्ज उपलब्ध कराने के उपाय शामिल हैं। सरकार ने बाढ़ में तबाह हुई बस्तियों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। मंत्रिमंडल के अनुसार, बाढ़ में पूरी तरह नष्ट या बह गए व्यावसायिक वाहन, मशीन, संयंत्र और उपकरणों के बदले नए सामान को सीमा शुल्क के बिना आयात करने की अनुमति होगी। प्रभावित कारोबारियों को संपत्ति एवं व्यवसाय कर तथा स्थानीय शुल्कों में भी अस्थायी राहत दी जाएगी। नेपाल राष्ट्र बैंक को प्रभावित कर्जदारों के ऋण पुनर्गठन और भुगतान अवधि बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। बीमा दावों के जल्द निपटारे के लिए सरल प्रक्रिया अपनाने तथा अनुमानित नुकसान की 50 प्रतिशत तक राशि अग्रिम देने का प्रावधान किया गया है। राष्ट्रीय योजना आयोग बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण और सुरक्षित बस्तियां बसाने की व्यापक योजना तैयार कर रहा है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, 15 स्थानीय इकाइयों में करीब 16 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और 8,317 मकान नष्ट हुए हैं। सरकार ने बाढ़ में तबाह हो चुकी बस्तियों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने के लिए स्थानों की पहचान शुरू कर दी है। बचाव अभियान में घायल कर्मियों के मुफ्त इलाज और मृतक कर्मियों के परिवारों को 10 लाख नेपाली रुपये की सहायता देने का भी फैसला किया गया है। 

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in