‘मेरी दादी महापुरुष थीं…’ ये क्या बोल गईं प्रियंका गांधी !

‘मेरी दादी महापुरुष थीं…’ ये क्या बोल गईं प्रियंका गांधी !
Published on

धार : मध्य प्रदेश में विधासनभा चुनाव होने वाला है। चुनाव प्रचार करने के लिए बड़ी संख्या में नेता पहुंच रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 5 अक्टूबर को धार पहुंचीं। धार पहुंचने के बाद मोहनखेड़ा गईं, जहां मोहनखेड़ा में टांट्या मामा की मूर्ति का अनावरण किया है। इसके बाद वह एक सभा को संबोधित करने पहुंचीं, हालांकि सभा को संबोधित करने के दौरान उनकी जुबान फिसल गई, जिस पर वह खुद की हंसी नहीं रोक नहीं पाई। सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने भाजपा की मौजूदा सरकार पर हमला बोला। इससे पहले प्रियंका गांधी ने कई महापुरुषों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये महापुरुषों की धरती है। इन महापुरुषों ने आजीवन जनता के लिए संघर्ष किया। महापुरुषों पर बात रखते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरी दादी भी इन्हीं की तरह एक महापुरुष थीं।
खुद की बात पर हंस पड़ीं प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी अपनी ही इस बात पर हंसी पड़ीं और मुस्कुराते हुए कहा, 'महापुरुष नहीं थीं, मतलब एक बहुत बड़ी हस्ती थीं, जिनपर आप लोगों का भरोसा था। भरोसा इसलिए था क्योंकि उन्होंने आपके लिए दिन रात काम किया था।' प्रियंका गांधी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोग शेयर कर रहे हैं। सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी और आपके बीच एक भावनात्मक रिश्ता था, आज जब मैं यहां खड़ी हूं तो मुझे उस रिश्ते की याद आती है। जब हम छोटे थे तो वह आपकी कहानियां और संस्कृति को बताती थी। आप उन्हें प्यार सम्मान और आदर देते थे, वो भी आपसे प्यार करती थीं।
क्या अब महंगाई बढ़ी या पहले बढ़ी थी?

प्रियंका गांधी ने कहा, 'आज सुबह जब मैं उठी तो सोचा देखूं कि मोदी जी क्या भाषण दे रहे हैं, वह भी सुनना जरूरी है। मुझे हैरानी हुई कि जो बात हम कहते हैं, वहीं बात वो भी कहते हैं। हम कहते हैं कि उन्होंने घोटाले किए, वो कहते हैं कि हमने किए। हम कहते हैं कि हमने विकास किया, वो कहते हैं कि हमने किया। हम कहते हैं कि हमने रोजगार दिलाया वो कहते हैं हमें दिलाया। अब ऐसे में जनता को कैसे पता चलेगा कि सच्चाई क्या है? आपको सच्चाई तब पता चलेगी, जब आप खुद का अनुभव देखोगे। क्या अब महंगाई बढ़ी या पहले बढ़ी थी? क्या रोजगार मिले? किसानों की जिन्दगी मुश्किल हुई या आसान?
प्रियंका गांधी ने कहा कि मैंने कई लोगों से पूछा कि मध्य प्रदेश का भविष्य क्या है तो बोले राजा जा रहा है। इस बार हमारा वोट रोजगार के लिए होगा। मैं आपसे कहना चाहती हूं कि आप किसी की बात में फंसिए, मेरी भी बात पर भरोसा मत करिए लेकिन अपने अनुभव से फैसला लीजिये। बता दें कि कांग्रेस ने दावा किया है कि इस सभा में एक लाख कार्यकर्ता की भीड़ पहुंची। प्रियंका गांधी की यह रैली जन आक्रोश यात्रा के समापन के बाद हुई।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in