एमवी शक्ति से 1980 एलपीजी सिलेंडर पहुंचने पर ग्रेट निकोबार में राहत

नई खेप से एलपीजी उपलब्धता बढ़ी, वितरण व्यवस्था को मिलेगा सहारा
समाचार 2 के लिए फोटो कैप्शन: ग्रेट निकोबार में नई खेप के रूप में एमवी शक्ति से पहुंचे 1,980 एलपीजी सिलेंडर, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
समाचार 2 के लिए फोटो कैप्शन: ग्रेट निकोबार में नई खेप के रूप में एमवी शक्ति से पहुंचे 1,980 एलपीजी सिलेंडर, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम — ग्रेट निकोबार में एलपीजी सिलेंडरों की कमी के बीच शनिवार को नई खेप पहुंचने से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। एमवी शक्ति से आज सुबह कुल 1,980 एलपीजी सिलेंडर ग्रेट निकोबार पहुंचे। नई खेप के पहुंचने के बाद द्वीप में उपलब्ध एलपीजी भंडार करीब 2,100 सिलेंडर बताया जा रहा है। हालांकि, दिनभर में हुए वितरण का अंतिम हिसाब शाम को तैयार होने के बाद ही वास्तविक शेष भंडार की पुष्टि हो सकेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमवी शक्ति से पहुंचे 1,980 सिलेंडरों को ग्रेट निकोबार में उतार लिया गया है और अब इनका निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वितरण किया जाएगा। इससे उन उपभोक्ताओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें पहले चरण में सीमित उपलब्धता के कारण केवल एक सिलेंडर ही मिल पाया था। नई खेप के बाद दूसरे सिलेंडर की मांग को पूरा करने की दिशा में भी स्थिति बेहतर होने की संभावना है।

इएक दिन पहले, 11 सितंबर की शाम तक ग्रेट निकोबार में कुल 216 एलपीजी सिलेंडर शेष थे। उपलब्ध भंडार के अनुसार, 4 सितंबर को 476 सिलेंडर मौजूद थे। इसके बाद 6 सितंबर को एमवी मानव स्टार से 1,796 सिलेंडर पहुंचे थे, जिससे कुल उपलब्ध भंडार बढ़कर 2,272 सिलेंडर हो गया था। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से सिलेंडरों का वितरण किया गया।

एलपीजी वितरण की व्यवस्था के तहत उपलब्ध सीमित भंडार को अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए क्षेत्रवार वितरण किया गया। वितरण वाहनों के साथ प्रशासनिक प्रतिनिधि की तैनाती कर पूरी प्रक्रिया की निगरानी की गई। पहले चरण में एक एलपीजी बुक पर एक सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था अपनाई गई थी, ताकि अधिक से अधिक परिवारों को आपूर्ति मिल सके और किसी उपभोक्ता को एक से अधिक सिलेंडर मिलने के कारण दूसरे उपभोक्ता को आपूर्ति से वंचित न होना पड़े।

अब एमवी शक्ति से 1,980 सिलेंडर पहुंचने के बाद उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। नई खेप के साथ फिलहाल करीब 2,100 सिलेंडर उपलब्ध होने की जानकारी है, जिससे ग्रेट निकोबार में एलपीजी आपूर्ति को लेकर बनी चिंता काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in