मुंबई हुआ 'पानी-पानी' , घरों में रहने की पुलिस ने की अपील

ओडिशा में निम्न दबाव का बना क्षेत्र
मुंबई में भारी बरसात के बीच जल निकासी के   काम में जुटे बृहन्मुंंबई नगपालिका के कर्मचारी
मुंबई में भारी बरसात के बीच जल निकासी के काम में जुटे बृहन्मुंंबई नगपालिका के कर्मचारी -
Published on

मुंबई : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शुक्रवार सुबह भारी बारिश हुई, जिसके कारण वाहनों की आवाजाही काफी धीमी हो गयी और पश्चिम रेलवे पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई और आसपास के जिलों में अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू होने वाले 24 घंटे के दौरान महानगर में ‘भारी से बहुत भारी’ बारिश होने की संभावना जतायी है, जिसके चलते पुलिस ने लोगों से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) की ‘मानसून रिपोर्ट’ के अनुसार, द्वीप शहर पूर्वी उपनगरों और पश्चिमी उपनगरों में अब तक क्रमशः 29.40 मिमी, 29.44 मिमी और 18.88 मिमी औसत वर्षा हुई है। आईएमडी की कोलाबा और सांताक्रूज़ वेधशालाओं ने क्रमशः 22.4 मिमी और 23.9 मिमी वर्षा दर्ज की। मुंबई में सुबह से हो रही बारिश और बीच-बीच में तेज बारिश के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गयी है। अधिकारियों ने बताया कि मध्य रेल नेटवर्क पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बिना किसी समस्या के संचालित हो रही हैं। पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम रेलवे नेटवर्क पर कुछ लोकल ट्रेन देरी से चल रही हैं। मुंबई और पड़ोसी जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए पुलिस ने नागरिकों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है। मुंबई पुलिस ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘मुंबई और आसपास के जिलों में भारी बारिश के कारण नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वह जब तक बहुत जरूरी न हो घर से बाहर न निकलें, तटीय इलाकों में जाने से बचें और सावधानी से गाड़ी चलाएं।’ उसने कहा, ‘हमारे अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह सतर्क हैं और मुंबईवासियों की सहायता के लिए तैयार हैं। किसी भी आपात स्थिति में, कृपया 100/112/103 पर कॉल करें।’

ओडिशा में 25 से 28 जुलाई तक भारी बारिश का पूर्वानुमान

भुवनेश्वर : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के अवदाब में तब्दील होने के कारण ओडिशा में शुक्रवार से 28 जुलाई तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान किया है। अधिकारियों ने बताया कि इसके प्रभाव के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश (21 सेंटीमीटर से अधिक) होने की संभावना है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, राज्य में 26 से 28 जुलाई के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार, अवदाब एक मौसम प्रणाली है, जो आमतौर पर आसमान में बादल छाये रहने, नमी और हवा की गति वाली स्थितियों से चिह्नित होती है। बुलेटिन में कहा गया है कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर में बना कम दबाव का क्षेत्र एक अवदाब में परिवर्तित हो गया है। मौसम विभाग ने कहा, ‘इसके 25 जुलाई की दोपहर तक पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने तथा पश्चिम बंगाल और उससे लगे बांग्लादेश के तटों को पार करने की संभावना है। इसके बाद, अगले 24 घंटों के दौरान इसके पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तरी ओडिशा और झारखंड में पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है।’ भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र ने मयूरभंज और क्योंझर जिलों में भारी वर्षा के लिए ‘रेड अलर्ट’ और 10 अन्य जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने जिलाधिकारियों को संभावित स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक तंत्र को तैयार रखने को कहा है। मछुआरों को 28 जुलाई तक उत्तरी ओडिशा तट के समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गयी है।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in