आतंकी दाऊद इब्राहिम को पाकिस्तान में जहर दिये जाने का दावा, अस्पताल में भर्ती

आतंकी दाऊद इब्राहिम को पाकिस्तान में जहर दिये जाने का दावा, अस्पताल में भर्ती
Published on

नई दिल्ली: भारत का खूंखार आतंकी दाऊद इब्राहिम को ज़हर दिए जाने की ख़बर है। ये बड़ा दावा पाकिस्तानी पत्रकारों ने किया है। सूत्रों के मुताबिक दाऊद इब्राहिम का कराची के अस्पताल में इलाज चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उसे जहर देकर मारने की कोशिश की गई। हालांकि, ख़बर लिखे जाने तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इसके साथ ही इस बात की भी कोई जानकारी नहीं है कि किसने जहर देने की कोशिश की।

किसी अनजान द्वारा जहर दिये जाने का दावा

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि दाऊद को कराची के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दावा है कि किसी अनजान व्यक्ति ने उसे जहर दे दिया है। इस कारण वह अस्पताल में भर्ती है। पाकिस्तान के न्यूज चैनलों ने भी सोशल मीडिया पर चल रही इन चर्चाओं का हवाला दिया है लेकिन किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

2003 में ग्लोबल टेररिस्ट हुआ घोषित

साल 1993 में मुंबई में हुए सीरियल ब्लास्ट का मास्टर माइंड दाऊद इब्राहिम ही था। धमाको को अंजाम देने के बाद वो भारत छोड़कर दुबई भाग गया था। इसके बाद उसने पाकिस्तान में अपना ठिकाना बना लिया। वो अपने परिवार के साथ वहीं रहता है। उसके खिलाफ भारत में आतंकी हमला, मर्डर, किडनैपिंग, सुपारी हत्या, संगठित अपराध, ड्रग्स, हथियारों की तस्करी जैसे कई मामले दर्ज हैं। साल 2003 में उसे ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किया गया था। साल 2011 में एफबीआई और फ़ोर्ब्स की एक लिस्ट में उसे दुनिया का तीसरा मोस्ट वांटेड भगोड़ा अपराधी बताया गया था।

कैसे बनी दाऊद की आतंक फैक्ट्री ?

बता दें कि दाऊद इब्राहिम कासकर का जन्म दिसंबर 1955 में महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में हुआ था। उसके पिता इब्राहिम कासकर पुलिस कांस्टेबल थे। बाद में दाऊद इब्राहिम का परिवार मुंबई के डोंगरी इलाके में बस गया था। 70 के दशक में दाऊद का नाम मुंबई के अंडरवर्ल्ड में तेजी से उभरने लगा था। पहले वो हाजी मस्तान गैंग में काम करता था। वहीं रहते-रहते उसका प्रभाव बढ़ने लगा। उसके गैंग को लोग D-कंपनी कहने लगे और वो उसका मुखिया माना जाता था।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in