

काठमांडू : भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बुधवार को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने तथा लंबे समय से जारी मैत्री संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के तरीकों पर चर्चा की। दिन में काठमांडू पहुंचे मिसरी ने विदेश मंत्रालय में खनाल से शिष्टाचार भेंट की।
विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, खनाल ने कहा कि नेपाल और भारत के बीच घनिष्ठ संबंध को ‘‘एक नयी ऊंचाई हासिल होगी’’। बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने ऊर्जा, व्यापार, खेल और शिक्षा सहित द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस दौरान बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने तथा दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक मैत्री को प्रगाढ़ बनाने पर जोर दिया गया। मिसरी की नेपाल की इस दो दिवसीय नेपाल आधिकारिक यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा के लिए आधार तैयार करना है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, विदेश सचिव के शाह से मिलने की भी संभावना है।