

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : शिपिंग सेवा निदेशालय ने यह देखा है कि मिडिल स्ट्रेट और बाराटांग के बीच संचालित वाहन फेरी सेवाओं में अत्यधिक भार वाले ट्रक बार-बार फेरी पर चढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे लोडिंग रैंप को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है और फेरी सेवाओं के सुरक्षित संचालन पर भी प्रभाव पड़ रहा है। वाहन फेरी पोतों जैसे एमवी नॉर्थ बे और एमवी लापाथी की डिजाइन और स्थिरता संबंधी मानकों के अनुसार लोडिंग रैंप को एक समय में अधिकतम 11 से 12 टन तक का भार सहन करने के लिए डिजाइन किया गया है। हालांकि यह देखा गया है कि कई ट्रक 25 टन से अधिक भार (वाहन के वजन और माल सहित) लेकर फेरी पर चढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, जो निर्धारित सीमा से काफी अधिक है। इसके कारण रैंप को बार-बार नुकसान पहुंच रहा है, पोतों में अचानक खराबी आ रही है और फेरी सेवाओं में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है, जिससे आम जनता को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रक मालिकों, परिवहनकर्ताओं और चालकों को सलाह दी गई है कि वे वाहन फेरी सेवाओं के माध्यम से वाहनों का परिवहन करते समय 12 टन की इस निर्धारित सीमा का पालन करें। इस नियम का उल्लंघन करने पर फेरी पर वाहन चढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी संबंधित हितधारकों से सहयोग की अपील की गई है ताकि पोतों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जा सके और आम जनता के लिए फेरी सेवाओं की निर्बाध आवाजाही बनी रहे।