

रेडमंड : माइक्रोसॉफ्ट ने शनिवार को घोषणा की कि दुनियाभर में उसकी सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी गई हैं। कंपनी की तकनीकी खराबी के कारण गुरुवार से ही लाखों उपयोगकर्ताओं को कई घंटों तक जरूरी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हुई। इससे माइक्रोसॉफ्ट 365, आउटलुक, टीम्स और एआई असिस्टेंट कोपायलट जैसी सेवाएं प्रभावित हुई थीं। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि तकनीकी समस्या को दूर कर लिया गया है और सभी प्रभावित क्षेत्रों में सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, यह समस्या नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए किए गए अपग्रेड के दौरान सामने आई। कंपनी ने स्पष्ट किया कि इसका साइबर हमले या एआई एजेंट से कोई संबंध नहीं था। अमेरिका में गुरुवार दोपहर शुरू हुई इस समस्या का असर एक घंटे के भीतर 74 देशों और क्षेत्रों में दर्ज किया गया। जापान, सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया की सरकारी सेवाओं के अलावा अदालतों, अस्पतालों, बैंकों, विमानन कंपनियों और कारोबारी संस्थानों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। ग्लासगो विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने इस घटना को डिजिटल सेवाओं के लिए एक ही कंपनी पर बढ़ती निर्भरता का उदाहरण बताया। विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना के बाद तकनीकी सेवाओं के वैकल्पिक इंतजाम और डिजिटल बुनियादी ढांचे की मजबूती पर सवाल उठेंगे।