सबसे लंबे समय तक शासन का मेलोनी ने बनाया रिकॉर्ड

द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली की सबसे लंबे समय तक लगातार चलने वाली सरकार बन गई
Meloni sets record for longest tenure
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी
Published on

रोम : इटली में सरकारों के कम समय तक टिकने के लिए मशहूर राजनीतिक इतिहास के बीच प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने गुरुवार को एक नया रिकॉर्ड बनाया। उनकी दक्षिणपंथी सरकार 1,413 दिन पूरे कर द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली की सबसे लंबे समय तक लगातार चलने वाली सरकार बन गई। उसने 2001 से 2005 के बीच सिल्वियो बर्लुस्कोनी की सरकार का रिकॉर्ड तोड़ा। मेलोनी और उनकी पार्टी शुक्रवार को दक्षिणी शहर बारी में एक बड़ी चुनावी रैली के साथ इस उपलब्धि का जश्न मनाएगी। हालांकि, अब उनकी सरकार की स्थिरता से ज्यादा उसके कामकाज के नतीजे चर्चा के केंद्र में हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि 2027 के अंत में होने वाले चुनाव में मतदाता यह तय करेंगे कि सरकार ने दोबारा सत्ता पाने लायक पर्याप्त काम किया है या नहीं। अक्टूबर 2022 में सत्ता संभालने वाली मेलोनी इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं। उनकी पार्टी की नव-फासीवादी जड़ों के कारण यूरोपीय सहयोगियों और वित्तीय बाजारों में शुरुआती दौर में चिंता थी। हालांकि, मेलोनी ने काफी व्यावहारिक रुख अपनाया। उन्होंने रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद यूक्रेन को लगातार समर्थन दिया, यूरोपीय संस्थाओं के साथ सहयोग बनाए रखा और वित्तीय अनुशासन पर जोर दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनके संबंध भी उनकी विदेश नीति की प्रमुख उपलब्धियों में रहे हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in