

कोरोन (फिलीपींस) : फिलीपींस में नौका में लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 76 हो गई है। बचावकर्मियों ने शनिवार को 41 और जले हुए शव बरामद किए। हादसे के बाद 13 लोग अब भी लापता हैं। शवों की पहचान के लिए फॉरेंसिक टीमों ने जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को बरामद 30 शवों को कोरोन बंदरगाह लाया गया था। यहां अस्थायी तंबू लगाकर शवों की पहचान की जा रही है। तटरक्षक पोत से शवों को काले बैग में निकालकर तंबुओं तक ले जाया गया, जबकि परिजन अपनों की खबर के लिए बंदरगाह पर डटे रहे। नौका में 130 से अधिक लोग सवार थे। यह 20 घंटे से अधिक की यात्रा के अंतिम चरण में थी, तभी आग लग गई। आग बुझने के एक दिन से अधिक समय बाद शुक्रवार को दमकलकर्मी पहली बार नौका के अंदर पहुंच सके। तटरक्षक बल के मुताबिक, इकोनॉमी श्रेणी के हिस्से से जले हुए शव मिले हैं।