

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, श्री विजयपुरम पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का कथित रूप से फर्जी पहचान पत्र रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एबरडीन पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार यह घटना रविवार की सुबह की है, जब आरोपी एक महिला सहयात्री के साथ एयर इंडिया की उड़ान से हवाई अड्डे पर पहुंचा था। हवाई अड्डे के आगमन क्षेत्र में अंडमान एवं निकोबार पुलिस की नारको टीम द्वारा की गई नियमित जांच के दौरान आरोपी ने स्वयं को सीआईएसएफ का कर्मचारी बताते हुए सीआईएसएफ का एक पहचान पत्र प्रस्तुत किया। हालांकि जांच के दौरान अधिकारियों को उक्त पहचान पत्र संदिग्ध प्रतीत हुआ और उसके फर्जी एवं कूटरचित होने की आशंका उत्पन्न हुई। आगे पूछताछ किए जाने पर संबंधित व्यक्ति ने कथित रूप से बताया कि उसे वर्ष 2019 में सीआईएसएफ की सेवा से हटा दिया गया था। इसके बाद सीआईएसएफ कर्मियों ने आरोपी तथा संदिग्ध फर्जी पहचान पत्र को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए एबरडीन पुलिस थाने के हवाले कर दिया। शिकायत के आधार पर एबरडीन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 204 (लोक सेवक का प्रतिरूपण), धारा 336(2) (जालसाजी) तथा धारा 340(2) (जाली दस्तावेज को असली के रूप में उपयोग करना) के तहत मामले की जांच शुरू कर दी है।