

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल में बसंत के रंगों का उत्सव इस साल खास अंदाज में मनाया जाएगा। दोल पूर्णिमा के ठीक बाद आने वाली होली के अवसर पर सोमवार, 2 मार्च को नेताजी इंडोर स्टेडियम में एक विशेष मिलनोत्सव का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे और मंच से साम्प्रदायिक सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश देंगे। इस कार्यक्रम में शहर के सभी समुदाय के लोग शामिल होंगे और यह सांस्कृतिक समागम बंगाल की परंपराओं के साथ-साथ पूरे भारत की लोकनृत्य विविधताओं का भी प्रदर्शन करेगा।
कार्यक्रम में भांगड़ा, गरबा, डांडिया और राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे, वहीं बिहारी समुदाय की ओर से भी एक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, पदस्थ अधिकारी और समाज के विभिन्न स्तर के गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे। इस मिलनोत्सव का उद्देश्य केवल नाच-गान और रंगों का उत्सव नहीं है, बल्कि लोगों को एक साथ लाना और समुदायों के बीच सौहार्द बढ़ाना भी है। इसके अलावा, कार्यक्रम में कुछ महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम भी उठाए जा सकते हैं। इसमें उन परिवारों को सरकारी नियुक्ति-पत्र दिए जाने की योजना है, जिनके सदस्य मतदाता सूची संशोधन के कारण प्रभावित हुए थे। इसके साथ ही राज्य सरकार की नई जनमुखी परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। यह आयोजन सांस्कृतिक और प्रशासनिक दृष्टि से दोनों ही दृष्टिकोणों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।