

Faridabad के पनहेड़ा खुर्द गांव के पास Haryana में जेवर एयरपोर्ट से जुड़े निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। गार्डर उठाने में लगी भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे मौके पर काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ देर पहले क्षेत्र में तेज बारिश हुई थी, जिससे निर्माण स्थल पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई थी। बारिश रुकने के बाद जैसे ही काम दोबारा शुरू हुआ, उसी दौरान गार्डर उठाते समय क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। घटना के समय वहां करीब 6 से 7 मजदूर मौजूद थे, जिनमें से 3 से 4 मजदूरों के क्रेन के नीचे दबने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों, निर्माण कंपनी के कर्मचारियों और राहत दलों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। भारी मशीनों की सहायता से क्रेन के नीचे दबे मजदूरों को निकालने का प्रयास जारी है। अब तक कई घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगातार हुई बारिश के कारण जमीन नरम और दलदली हो गई थी, जिससे क्रेन का संतुलन बिगड़ने की संभावना है। फिलहाल एहतियात के तौर पर निर्माण कार्य को तत्काल रोक दिया गया है और प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और घायलों व हताहतों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।