

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचाने की अपील के बाद मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक काफिले में पहली बार इलेक्ट्रिक वाहन शामिल करने का फैसला किया है। इसके तहत Mahindra XEV 9e इलेक्ट्रिक एसयूवी खरीदी गई है, जो बुधवार से मुख्यमंत्री के काफिले का हिस्सा बनेगी। मुख्यमंत्री दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर तक इसी इलेक्ट्रिक कार में सफर करेंगे।
मुख्यमंत्री की नई इलेक्ट्रिक कार को विशेष वीआईपी नंबर MP 02 VB 2047 आवंटित किया गया है। इसमें ‘VB’ का अर्थ ‘विकसित भारत’ है, जबकि ‘2047’ वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है। यह नंबर पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के विजन को दर्शाने का प्रयास माना जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव इससे पहले भी ईंधन बचत को लेकर पहल कर चुके हैं। उन्होंने अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या 13 से घटाकर 7 कर दी थी। इसके बाद कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार पूलिंग और कम वाहनों के उपयोग को बढ़ावा दिया।
राज्य में पहली बार किसी मुख्यमंत्री के आधिकारिक काफिले में इलेक्ट्रिक कार शामिल की जा रही है। इसे सरकारी स्तर पर ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने वाहन की सभी आवश्यक जांच पूरी कर ली है और चालक दल को भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
मुख्यमंत्री के लिए खरीदी गई महिंद्रा XEV 9e अत्याधुनिक तकनीक से लैस इलेक्ट्रिक एसयूवी है। कंपनी के अनुसार यह एक बार चार्ज होने पर 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर सकती है। इसमें फास्ट चार्जिंग, 360 डिग्री कैमरा, पैनोरमिक ग्लास रूफ और एडवांस सेफ्टी फीचर्स जैसी सुविधाएं दी गई हैं। कार में डॉल्बी एटमॉस तकनीक के साथ 16-स्पीकर हरमन कार्डन ऑडियो सिस्टम, ऑगमेंटेड रियलिटी हेड-अप डिस्प्ले (AR-HUD), 16 मिलियन रंगों वाली एम्बिएंट लाइटिंग और वायरलेस चार्जिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। इसके अलावा ‘पेट मोड’ और ‘कैंपिंग मोड’ जैसे विशेष क्लाइमेट कंट्रोल फीचर्स भी दिए गए हैं।
XEV 9e में 79kWh की लिथियम-आयन बैटरी और 286 हॉर्सपावर की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 380Nm का टॉर्क पैदा करती है। यह एसयूवी महज 7.45 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें 360 डिग्री सराउंड-व्यू कैमरा, बिल्ट-इन सर्विलांस मोड, मल्टीपल एयरबैग्स, एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) और डिस्क ब्रेक्स जैसे फीचर्स शामिल हैं। मुख्यमंत्री के काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन की एंट्री को राज्य सरकार की हरित परिवहन नीति और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।