महादेव सट्टा ऐप मामला : चंद्राकर 8 दिन की CBI हिरासत में

चंद्राकर को हाल ही में ओमान से भारत लाया गया था
Raipur
दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया चंद्राकर
Published on: 

रायपुर : छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले की एक विशेष अदालत ने बुधवार को छह हजार करोड़ रुपये के ‘महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप’ मामले के मुख्य अभियुक्त सौरव चंद्राकर को 8 दिन के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की हिरासत में भेज दिया।

अधिकारियों ने बताया कि चंद्राकर को हाल ही में ओमान से भारत लाया गया था। सोमवार को उसे दो दिन के लिए CBI की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया था क्योंकि ब्यूरो उसे छत्तीसगढ़ लाकर इस मामले की सुनवाई कर रही अदालत के सामने पेश करना चाहता था। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम को उसे विमान से रायपुर लाया गया। बचाव पक्ष के वकील तुषार गिरी ने बताया कि बुधवार को चंद्राकर को रायपुर में विशेष न्यायाधीश (CBI) मनोज कुमार सिंह ठाकुर की अदालत में पेश किया गया, जहां CBI ने उसकी 10 दिन की हिरासत की मांग की थी। उन्होंने बताया कि अदालत ने अभियुक्त को आठ दिन के लिए केंद्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में सौंप दिया है। अदालत ने CBI को पूछताछ के लिए चंद्राकर को दिल्ली ले जाने की भी अनुमति दे दी है। CBI ने 18 दिसंबर, 2024 को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। राज्य सरकार और केंद्र सरकार की ओर से जारी अधिसूचनाओं के बाद, CBI ने छत्तीसगढ़ के ‘राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा’ से इस मामले की जांच अपने हाथ में ले ली थी। आरोप है कि चंद्राकर और सह-अभियुक्त रवि उप्पल ने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘महादेव बुक ऐप’ का प्रचार किया और पैनल तथा ब्रांच ऑपरेटर के जरिये ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार चलाया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News