एबरडीन पुलिस थाना की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से नाबालिग लड़की की बचाई गई जान

एबरडीन पुलिस थाना की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से नाबालिग लड़की की बचाई गई जान
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : एबरडीन पुलिस थाना के कर्मियों की सतर्कता, संवेदनशीलता और समय रहते की गई कार्रवाई के चलते कॉर्बिन्स कोव समुद्र तट पर मानसिक रूप से परेशान एक नाबालिग लड़की की जान बचा ली गई। पुलिस की तत्परता से न केवल लड़की को सुरक्षित बचाया जा सका, बल्कि अंडमान एवं निकोबार पुलिस की जनसुरक्षा और मानव जीवन की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता भी एक बार फिर सामने आई है। 11 मई को एबरडीन पुलिस थाना में तैनात एचसी (एसजी) बसंती मिस्त्री कॉर्बिन्स कोव समुद्र तट पर ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान उन्होंने समुद्र किनारे एक नाबालिग लड़की को अकेले और परेशान हालत में बैठे देखा। स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत लड़की के पास जाकर उससे बातचीत की और मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया। पूछताछ के दौरान पता चला कि लड़की मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रही थी तथा आत्महत्या जैसे विचार उसके मन में आ रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एचसी (एसजी) बसंती मिस्त्री ने तत्काल उस लड़की को आवश्यक परामर्श और सहायता के लिए एबरडीन पुलिस थाना लाया। काउंसलिंग के दौरान पीड़ित लड़की ने अपने साथ हुई घटनाओं की जानकारी पुलिस को दी, जिसके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस विभाग ने कहा कि प्रत्येक बचाई गई जिंदगी मानवता की जीत होती है। एचसी (एसजी) बसंती मिस्त्री द्वारा दिखाया गया साहस, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति अंडमान एवं निकोबार पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही यह सहानुभूतिपूर्ण पुलिसिंग के माध्यम से जनता के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

पुलिस ने यह भी बताया कि मानसिक तनाव, चिंता अथवा अवसाद से जूझ रहे लोग टेली मानस पोर्टल पर लॉगिन कर सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर 14416 पर कॉल कर विशेषज्ञ काउंसलर से संपर्क कर सकते हैं। इस सेवा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में विशेषज्ञ परामर्श, वीडियो और ऑडियो कंसल्टेशन तथा तनाव, चिंता और अवसाद से निपटने के लिए प्रारंभिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in