बांग्लादेश में फिर भड़का श्रमिक आंदोलन

वेतन वृद्धि के बावजूद असंतुष्ट श्रमिक, सड़क जाम- कारखानों में तोड़फोड़
Labor unrest flares up again in Bangladesh
उपद्रवियों को खदेड़नी के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ते पुलिस कर्मी
Published on: 

ढाका : बांग्लादेश में कपड़ा उद्योग के श्रमिकों का आंदोलन बुधवार को फिर उग्र हो गया। न्यूनतम मासिक वेतन 17 हजार टका तय किए जाने से असंतुष्ट श्रमिकों ने गाजीपुर में कई स्थानों पर राजमार्ग जाम कर दिए। वे न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 30 हजार टका करने की मांग कर रहे हैं। आंदोलन के कारण कम से कम 20 कारखानों में छुट्टी घोषित कर दी गई। ढाका-टांगाइल और ढाका-मयमनसिंह राजमार्गों पर यातायात ठप होने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई।

पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

औद्योगिक पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8.30 बजे गाजीपुर के नाओजोर इलाके में प्रदर्शन शुरू हुआ। इसके बाद श्रमिकों ने दोनों राजमार्गों के कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया। भोगरा बाइपास, चंदना चौक, सालना, भवनपुर और बाघेर बाजार में भी प्रदर्शन हुए। कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

चार कारखानों में तोड़फोड़

श्रीपुर में बुधवार सुबह चार रेडीमेड कपड़ा कारखानों में तोड़फोड़ की गई। इनमें हम्स गारमेंट्स, ढाका गारमेंट्स एंड वॉशिंग, लक्समा इनर वियर और क्रिस्टल मार्टिन अपैरल्स शामिल हैं। हम्स गारमेंट्स में 100 से अधिक लोगों के घुसकर प्रशासनिक भवन में तोड़फोड़ करने की खबर है। कुछ कारखानों ने तीन दिन बंद रखने की सूचना जारी की है।

30 हजार टका वेतन की मांग

फिलहाल श्रमिकों का न्यूनतम मासिक वेतन 12,500 टका है। वेतन बोर्ड ने मंगलवार रात इसे 36 प्रतिशत बढ़ाकर 17 हजार टका करने का फैसला किया। नई दर एक दिसंबर से लागू होनी है, लेकिन इसके लिए श्रम मंत्रालय की मंजूरी जरूरी है। श्रमिकों का कहना है कि महंगाई के बीच 17 हजार टका में परिवार चलाना मुश्किल है। उनका आंदोलन मांग पूरी होने तक जारी रखने का ऐलान है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News