किम जोंग ने नए नौसैनिक विध्वंसक से हथियारों के परीक्षण का किया निरीक्षण

यह परीक्षण परमाणु हथियारों से लैस नौसेना बनाने की किम की योजना के तहत किया गया
Kim Jong Un with officials during an inspection
Published on

सियोल : उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने नए 5,000 टन वजनी विध्वंसक पोत ‘कांग कोन’ पर लगी परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम क्रूज मिसाइल और अन्य हथियारों के परीक्षण का निरीक्षण किया। सरकारी मीडिया के अनुसार ‘कांग कोन’ पिछले साल जलावतरण समारोह के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था और बाद में इसकी मरम्मत की गई। यह परीक्षण परमाणु हथियारों से लैस नौसेना बनाने की किम की योजना के तहत किया गया उत्तर कोरिया का नवीनतम सैन्य शक्ति प्रदर्शन है। शुक्रवार को हुए कार्यक्रम में एक रणनीतिक क्रूज मिसाइल, ‘कांग कोन’ की मुख्य तोप और स्वचालित तोपों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा पोत की इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों का परीक्षण और लक्ष्य का पता लगाने एवं सूचनाओं का विश्लेषण करने की उसकी क्षमताओं का आकलन भी किया गया।

विध्वंसक पोत का परीक्षण पूरा कर सेवा में शामिल किए जाने का दिया निर्देश

सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार किम ने तट से इन परीक्षणों का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों को विध्वंसक पोत के परीक्षण पूरे कर उसे दो महीने के भीतर सेवा में शामिल किए जाने का निर्देश दिया। ये परीक्षण उत्तर कोरिया द्वारा जून के अंत में अपने पहले 5,000 टन वजनी विध्वंसक पोत ‘चोए ह्योन’ को नौसेना में शामिल किए जाने के बाद किए गए हैं। किम ने इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में कहा कि उनकी नौसेना को परमाणु हथियारों से लैस करने की प्रक्रिया योजना के अनुसार आगे बढ़ रही है। कई वर्षों तक बैलिस्टिक मिसाइलों के विकास को प्राथमिकता देने के बाद किम अब परमाणु ऊर्जा से संचालित पनडुब्बी के निर्माण समेत नौसैनिक क्षमताओं के विस्तार पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। ‘कांग कोन’ का ‘चोए ह्योन’ के एक महीने बाद मई 2025 में अनावरण किया गया था, लेकिन उत्तरी बंदरगाह चोंगजिन में जलावतरण की असफल कोशिश के दौरान यह क्षतिग्रस्त हो गया था। इस घटना पर किम ने कड़ी नाराजगी जताई थी।  

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in