

बेंगलुरु : विपक्षी भाजपा ने सोमवार को कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत से अनुरोध किया कि विधानसभा से उसके 18 विधायकों के निलंबन को रद्द किया जाए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र और विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक के नेतृत्व में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से अनुरोध किया कि वह विधानसभा अध्यक्ष यू टी खादर को विधायकों के निलंबन पर पुनर्विचार करने का निर्देश दें और उन्हें जनप्रतिनिधियों के रूप में अपनी जिम्मेदारियां फिर से संभालने में सक्षम बनाएं।
एक अभूतपूर्व कदम के तहत, 21 मार्च को कर्नाटक विधानसभा से 18 भाजपा विधायकों को ‘अनुशासनहीनता’ दिखाने और आसन का ‘अनादर’ करने के मामले में छह महीने के लिए निलंबित कर दिया गया था और सदन से बाहर नहीं जाने पर उन्हें मार्शलों द्वारा बाहर निकाला गया। उस दिन भाजपा विधायकों ने सरकारी ठेकों में मुसलमानों को 4 प्रतिशत आरक्षण देने के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया और सहकारिता मंत्री के एन राजन्ना के खिलाफ कथित ‘हनी-ट्रैप’ मामले की न्यायिक जांच की मांग की थी।
निलंबित किए गए विधायकों में भाजपा के मुख्य सचेतक डोड्डान गौड़ा पाटिल, पूर्व उप मुख्यमंत्री सी एन अश्वथ नारायण, एस आर विश्वनाथ, बी ए बसवराजू, एम आर पाटिल, चन्नाबसप्पा, बी सुरेश गौड़ा, उमानाथ कोट्यान, शरणु सालगर, डॉ. शैलेन्द्र बेलदाले, सी के राममूर्ति, यशपाल सुवर्णा, बी पी हरीश, भरत शेट्टी, धीरज मुनिराजू, चंद्रू लमानी, मुनिरत्न और बसवराज मत्तीमुद शामिल हैं।