

मोशाव अविएल (इजराइल) : उत्तरी इजराइल के मोशाव अविएल में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई और इस दौरान चारों ओर ‘हरे रामा, हरे कृष्णा’ के जयकारे गूंजते रहे। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए देशभर से सैकड़ों श्रद्धालु यहां जुटे, जिनमें अधिकांश यहूदी समुदाय के लोग थे। इजराइल के कृषि आधारित सामुदायिक गांव में स्थित सांस्कृतिक केंद्र शुक्रवार को कृष्ण और भारतीय रंग में रंग गया। यह मोशाव उस कस्बे के पास स्थित है, जहां भगवान कृष्ण के कुछ अनुयायी रहते हैं, जिन्हें यहां आमतौर पर हरे कृष्ण के नाम से जाना जाता है। इन भक्तों के लिए ‘गौर पूर्णिमा’ और ‘जन्माष्टमी’ सबसे महत्वपूर्ण त्योहार हैं, जिन्हें वे हर वर्ष पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हैं। आयोजन के दौरान भक्तों ने ‘एलोहिम प्लस’ (गॉड प्लस) नामक नाटक का मंचन भी किया। कार्यक्रम का समापन में विशाल भोज में 108 प्रकार के शाकाहारी व्यंजन परोसे गए।