जयशंकर तीन दिनों की यात्रा के पहले चरण में नीदरलैंड पहुंचे

नीदरलैंड के बाद वह वह डेनमार्क और जर्मनी जाएंगे
जयशंकर तीन दिनों की यात्रा के पहले चरण में नीदरलैंड पहुंचे
Published on: 

हेग : विदेश मंत्री एस जयशंकर द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से नीदरलैंड के नेतृत्व के साथ वार्ता करने के लिए सोमवार को यहां पहुंचे। वह तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में नीदरलैंड पहुंचे हैं, जिसके बाद वह डेनमार्क और जर्मनी जाएंगे। भारत और पाकिस्तान के सशस्त्र बलों के बीच चार दिनों के सैन्य टकराव के बाद जयशंकर की यह पहली विदेश यात्रा है।

हेग स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज आधिकारिक यात्रा पर नीदरलैंड पहुंचे। उनका स्वागत राजदूत कुमार तुहिन और नीदरलैंड के विदेश मंत्रालय की प्रोटोकॉल निदेशक गैब्रिएला सैंसिसी ने किया।

इस यात्रा से भारत-नीदरलैंड संबंधों को और बढ़ावा मिलेगा।’ जयशंकर तीनों देशों के नेतृत्व से मिलेंगे तथा द्विपक्षीय संबंधों एवं परस्पर हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों के संपूर्ण पहलुओं पर अपने समकक्षों के साथ चर्चा करेंगे। ऐसी उम्मीद है कि जयशंकर तीनों देशों के विदेश मंत्रियों को पहलगाम आतंकी हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू करने के भारत के फैसले से भी अवगत कराएंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News