छेड़छाड़ और नाबालिग से मारपीट के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

छेड़छाड़ और नाबालिग से मारपीट के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
Published on

ईटानगर : अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में एक लड़की से कथित छेड़छाड़ और नाबालिग लड़के से मारपीट करने के आरोप में 50 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। ईटानगर क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जुम्मर बसर ने मंगलवार को बताया कि आरोपी को 2 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में आरोपी कथित तौर पर एक लड़की के साथ छेड़छाड़ करता और एक नाबालिग लड़के के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। मामले में अरुणाचल प्रदेश महिला कल्याण सोसायटी (एपीडब्ल्यूडब्ल्यूएस) ने ईटानगर महिला पुलिस थाने की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। संगठन ने मामले की समयबद्ध और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। एपीडब्ल्यूडब्ल्यूएस ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को हिंसा, दुर्व्यवहार और शोषण से मुक्त होकर जीवन जीने का मौलिक अधिकार है। संगठन ने प्रशासन से पीड़ितों को उचित परामर्श, कानूनी सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया। 

नाबालिग की पहचान उजागर करने वाली सामग्री साझा न करें

पुलिस के मुताबिक, कई लोगों द्वारा घटना से संबंधित वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली है। एसपी बसर ने लोगों से अपील की कि वे ऐसी कोई भी सामग्री अपलोड, साझा या किसी अन्य व्यक्ति को भेजने से बचें, जिससे नाबालिग की पहचान उजागर हो सकती है। उन्होंने कहा कि बच्चों की गरिमा और निजता की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एपीडब्ल्यूडब्ल्यूएस ने भी लोगों से वीडियो को सोशल मीडिया पर आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है। संगठन ने कहा कि पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक होने या वीडियो के लगातार प्रसारित होने से उनके मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मामले की जांच जारी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in