

दुबई : वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिला देने वाला इजराइल-ईरान युद्ध तीसरे सप्ताह ( 21दिन) में पहुंच गया है। ईरान ने शुक्रवार तड़के कुवैत की एक तेल रिफाइनरी पर ड्रोन से हमला किया और इजराइल में हमलों की चेतावनी के रूप में सायरन बजने लगे। वहीं, फारसी नववर्ष के अवसर पर तेहरान में इजराइली हमलों से भयावह विस्फोटों की आवाज सुनाई दी। फिलहाल इजराइल ईरान खाड़ी क्षेत्र की ऊर्जा संरचना पर अपने हमलों में कोई कमी करता नहीं दिख रहा। ईरान भी पीछे नहीं है। वह लगातार इजराइल और अमेरिका के हितैसी देशाें को टारगेट कर रहा है। फारस की खाड़ी स्थित ईरान के विशाल साउथ पार्स अपतटीय प्राकृतिक गैस क्षेत्र पर बुधवार को इजराइल द्वारा बमबारी किए जाने के बाद ईरान ने खाड़ी अरब देशों में ऊर्जा ठिकानों पर अपने हमले तेज कर दिए।
कुवैत के मीना अल-अहमदी तेल रिफाइनरी पर दो बार हमले
अमेरिकी हितैसी देश कुवैत ने कहा कि मीना अल-अहमदी तेल रिफाइनरी पर सिलसिलेवार ढंग से दो बार हुए ड्रोन हमलों के कारण आग लग गई और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए काम कर रहे हैं। यह रिफाइनरी गुरुवार को ईरान के एक अन्य हमले में पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिसकी क्षमता प्रतिदिन लगभग 7,30,000 बैरल तेल शोधित करने की है। यह फारस की खाड़ी में स्थित छोटे एवं तेल-समृद्ध राष्ट्र कुवैत में स्थित तीन तेल रिफाइनरियों में से एक है।
दुश्मनों को मिट्टी में मिलाने की जरूरत ः मोजतबा खामेनेई
ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने एक दुर्लभ बयान में कहा कि ईरान के दुश्मनों को मिट्टी में मिलाने की जरूरत है। मोजतबा खामेनेई युद्ध के पहले दिन इजराइल के हमले में मारे गए अपने पिता, 86 वर्षीय अयातुल्ला अली खामेनेई की जगह लिए जाने के बाद से नज़र नहीं आए हैं। उनकी यह टिप्पणी उनकी ओर से राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान को भेजे गए एक बयान में आई। उन्होंने यह टिप्पणी इजराइल द्वारा इस सप्ताह की शुरुआत में ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब को मार दिए जाने के बाद की।
दुबई भारी विस्फोटों से दहला दुबई
दुबई भारी विस्फोटों से तब दहल गया जब शहर में लोग रमजान महीने के समापन का त्योहार ईद अल-फितर मना रहे थे और जब मस्जिदों में दिन की पहली नमाज अदा की गई। बहरीन के गृह मंत्रालय ने कहा कि रोके गए एक हवाई अस्त्र के छर्रे एक गोदाम पर गिरने के बाद आग लग गई। वहीं, सऊदी अरब ने कहा कि उसने देश के तेल-समृद्ध पूर्वी प्रांत को निशाना बनाने वाले कई ड्रोन को मार गिराया।
नेतन्याहू बोले अब गैस क्षेत्र पर नहीं करेंगे हमले
गुरुवार देर रात, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरानी प्रतिक्रिया के उपरांत तेल की कीमतों में भारी उछाल आने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुरोध पर इजराइल गैस क्षेत्र पर अपनी ओर से कोई और हमला नहीं करेगा।
इजराइल का दावा ः ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की क्षमता को खत्म किया
इजराइली प्रधानमंत्री ने यह भी दावा किया कि ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की क्षमता को खत्म कर दिया गया है, लेकिन ईरानी बल रिवोल्यूशनरी गार्ड ने शुक्रवार को जोर देकर कहा कि उत्पादन अब भी जारी है। ईरान के सरकारी अखबार ‘ईरान’ में बल के प्रवक्ता जनरल अली मोहम्मद नैनी के हवाले से कहा गया, ‘‘हम युद्ध की स्थिति में भी मिसाइलों का उत्पादन कर रहे हैं, जो अद्भुत है, और भंडार करने में कोई विशेष समस्या नहीं है।