

15 स्टॉल अभी भी रिक्त, आवेदन आमंत्रित
स्वयं सहायता समूहों और वेंडर्स को मिलेगा निःशुल्क स्टॉल
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के पर्यटन विभाग द्वारा “स्वाद, संस्कृति और परंपरा का उत्सव” थीम के साथ 17 से 19 अप्रैल, 2026 तक आईटीएफ ग्राउंड, श्री विजयपुरम में आइलैंड फूड फेस्टिवल 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में सूचित किया गया है कि फूड स्टॉल के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 13 अप्रैल, 2026 को शाम 4 बजे तक कर दिया गया है। अब तक फूड वेंडर्स, स्वयं सहायता समूहों, रेस्टोरेंट संचालकों और विभिन्न विभागों से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इसके बावजूद अभी भी 15 स्टॉल रिक्त हैं, जिनके लिए इच्छुक व्यक्तियों, होटल व्यवसायियों, रेस्टोरेंट मालिकों, स्वयं सहायता समूहों, राज्य सांस्कृतिक संगठनों और गैर सरकारी संगठनों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, ताकि “स्वाद, संस्कृति और परंपरा” की भावना को बढ़ावा दिया जा सके। द्वीपों की पारंपरिक कला एवं हस्तशिल्प का प्रदर्शन या बिक्री करने के इच्छुक लोग भी स्टॉल या स्थान के लिए आवेदन कर सकते हैं। राज्य संघों एवं स्वयं सहायता समूहों को स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि लाइव कुकिंग फूड स्टॉल के लिए प्रति दिन 4,500 रुपये तथा 6,000 रुपये की वापसी योग्य सुरक्षा राशि निर्धारित की गई है। पैक्ड फूड या कला एवं हस्तशिल्प स्टॉल के लिए प्रति दिन 3,500 रुपये शुल्क रखा गया है। इसके अलावा खुले स्थान के लिए तीन दिनों हेतु प्रति वर्ग मीटर 486.11 रुपये की दर निर्धारित की गई है। स्टॉल का आवंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे। आवेदन पत्र एवं विस्तृत शर्तें संचालन अनुभाग, आईपी एंड टी निदेशालय, श्री विजयपुरम से प्राप्त और वहीं जमा किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक (संचालन) तथा संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।