

दुबई : ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के नए प्रमुख मोहसिन रेजाई ने पड़ोसी देशों को अमेरिका के नए आर्थिक दबाव अभियान में शामिल होने के खिलाफ चेतावनी दी है। सरकारी प्रसारक आईआरआईबी को दिए साक्षात्कार में रेजाई ने कहा कि यदि ट्रंप ईरान के खिलाफ कोई कार्रवाई करते हैं तो ईरान “भूकंप जैसी प्रतिक्रिया” देगा। उन्होंने कहा कि यदि पड़ोसी देश ईरान के खिलाफ आर्थिक युद्ध में शामिल होते हैं तो ईरान फारस की खाड़ी से तेल भेजने वाले वैकल्पिक समुद्री मार्गों को निशाना बनाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे देशों को दुश्मन माना जाएगा और उनके हितों को निशाना बनाया जाएगा।
‘न युद्ध, न शांति’ की स्थिति में है ईरान : राष्ट्रपति
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अमेरिका के साथ हुए समझौते को लंबे समय से जारी युद्ध से बाहर निकलने का सबसे बेहतर रास्ता बताया है। उन्होंने कहा कि ईरान इस समय ऐसी स्थिति में है जिसे ‘न युद्ध, न शांति’ कहा जा सकता है और इससे बाहर निकलना जरूरी है। सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने रविवार को पेजेश्कियन के भाषण के हवाले से बताया कि ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सदस्यों का मानना है कि अमेरिका के साथ हुआ समझौता गरिमा, समझदारी और राष्ट्रीय हित के आधार पर संभव सबसे बेहतर समझौता है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च नेता नीतियां तय करते हैं और सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ेगी। ईरान अपने विरोधियों के सामने झुकने का इरादा नहीं रखता, लेकिन देश की आर्थिक स्थिति के लिए जोखिम को कम करना जरूरी है।
तेहरान जाएंगे पाकिस्तान के सेना प्रमुख
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई के हवाले से बताया कि पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर सोमवार को आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ तेहरान जाएंगे। यात्रा का उद्देश्य ईरान और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करना तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के पाकिस्तान के प्रयासों को आगे बढ़ाना है। पाकिस्तान ने ईरान युद्ध खत्म कराने के लिए कई मध्यस्थता प्रयास किए हैं।
जासूसी के आरोप में ईरान में एक को फांसी
तेहरान : ईरान में जनवरी में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान इजरायल और अमेरिका के लिए काम करने के आरोप में मजीद अदिनेह को रविवार को फांसी दे दी गई। ईरान की न्यायपालिका ने उसकी मौत की सजा को बरकरार रखा था। ईरानी अधिकारियों ने आरोप लगाया था कि अदिनेह ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान चेनसॉ लेकर हिंसक गतिविधियों में हिस्सा लिया और देश की आंतरिक सुरक्षा के खिलाफ काम किया। ईरान की न्यायपालिका के अनुसार, अदिनेह को पिछले वर्ष के अंत में शुरू हुए देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान शत्रुतापूर्ण समूहों के पक्ष में कार्रवाई करने का दोषी ठहराया गया था।