होर्मुज पर अमेरिकी जवाब की समीक्षा कर रहा ईरान

दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थों के जरिये संदेशों का आदान-प्रदान जारी
Iran reviewing US response regarding Hormuz
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
Published on: 

दुबई : ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खोलने के प्रस्ताव पर अमेरिकी जवाब की समीक्षा कर रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को कहा कि समीक्षा पूरी होने के बाद तेहरान मध्यस्थों के जरिये वाशिंगटन को जवाब देगा। बघाई के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थों के जरिये संदेशों का आदान-प्रदान जारी है। युद्ध खत्म कराने के प्रयासों में कतर और पाकिस्तान समेत कई देश मध्यस्थता कर रहे हैं। अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमले शुरू किए थे। जून में युद्धविराम टूटने और हमले फिर शुरू होने के बाद ईरान ने सितंबर के मध्य में अपना प्रस्ताव पेश किया था। हालांकि, ईरान के सुरक्षा प्रमुख ने रविवार को कहा कि अमेरिकी जवाब में होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और बातचीत बहाल करने की तेहरान की सात शर्तों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है। दोनों देशों के बीच मुख्य मतभेद ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत को लेकर है। अमेरिका चाहता है कि इस मुद्दे पर शुरुआत से ही चर्चा हो, जबकि ईरान पहले होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने और वहां सुरक्षा बहाल करने पर जोर दे रहा है। युद्ध से पहले दुनिया के करीब पांचवें हिस्से के तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) का व्यापार इसी मार्ग से होता था। इस बीच, सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच बढ़ते तनाव पर बघाई ने कहा कि ईरान बातचीत के जरिये संकट सुलझाने में मदद को तैयार है। उन्होंने कहा कि यमन का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र के रोडमैप के तहत पहले ही सुलझ जाना चाहिए था और तेहरान यमन तथा सऊदी अरब के बीच किसी भी समझौते का समर्थन करेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in