

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में पेट्रोल , डीजल और तरलीकृत पेट्रोलियम गैस सहित आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता सामान्य एवं निर्बाध बनी हुई है। इंडियनऑयल के सभी आपूर्ति माध्यमों के जरिए ईंधन की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। मंगलवार को जारी एक बयान में इंडियनऑयल ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में समग्र आपूर्ति स्थिति पूरी तरह स्थिर एवं पर्याप्त बनी हुई है। निगम ने जानकारी दी कि टर्मिनलों और डिपो से लेकर खुदरा बिक्री केंद्रों तक संपूर्ण ईंधन आपूर्ति श्रृंखला बिना किसी बाधा के प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है। बयान में आगे कहा गया कि ईंधन भंडारों की लगातार निगरानी की जा रही है और सभी स्थानों पर पुनःपूर्ति की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है, ताकि पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता निर्बाध बनी रहे। इंडियनऑयल ने यह भी बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है और द्वीप समूह के सभी क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। उपभोक्ताओं तक समय पर और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। निगम ने बताया कि क्षेत्रभर में ईंधन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लॉजिस्टिक्स, स्टॉक मूवमेंट और खुदरा संचालन पर करीबी समन्वय बनाए रखा जा रहा है। आम जनता से अपील की गई है कि वे निश्चिंत रहें और सामान्य खपत की प्रक्रिया जारी रखें। जनता से घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी न करने की अपील करते हुए इंडियनऑयल ने कहा कि ईंधन उपलब्धता को लेकर चिंता का कोई कारण नहीं है। साथ ही नागरिकों को केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और सत्यापित जानकारी पर ही ध्यान देने की सलाह दी गई है।