

नई दिल्ली - दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने कई राज्यों में सक्रिय एक मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ किया है और तीन नेपाली नागरिकों सहित गिरोह से जुड़े सात प्रमुख लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियान में 17 किलोग्राम से अधिक चरस जब्त की गयी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 8.75 करोड़ रुपये है।
क्या कहना है पुलिस का ?
विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि यह गिरोह नेपाल और कसोल (हिमाचल प्रदेश) से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में ‘चरस’ की आपूर्ति करता था। उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में मादक पदार्थ की आपूर्ति के संबंध में 20 नवंबर को एक गुप्त सूचना मिलने के बाद यह अभियान शुरू किया गया था।
उन्होंने कहा कि पुलिस दल ने दो संदिग्धों - प्रेम थापा और मोहम्मद जमील को गिरफ्तार किया और उनके पास से 1.192 किलोग्राम चरस बरामद की। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गयी और आगे की जांच शुरू की गयी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार संदिग्धों से पूछताछ के बाद अन्य प्रमुख अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि नेपाली नागरिक गंगा गुरुंग थापा को वजीराबाद में 712 ग्राम चरस के साथ पकड़ा और उसके घर की तलाशी में 13.766 किलोग्राम अतिरिक्त मादक पदार्थ बरामद हुआ। एजेंसियां