

एडमॉन्टन (कनाडा): कनाडा के एडमॉन्टन शहर में पंजाब की 23 वर्षीय भारतीय मूल की छात्रा दमनप्रीत कौर की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने उनके 22 वर्षीय लिव-इन पार्टनर रितेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। एडमॉन्टन पुलिस के अनुसार, रितेश कुमार पर सेकंड-डिग्री मर्डर (द्वितीय श्रेणी हत्या) का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस मामले को इंटिमेट पार्टनर होमिसाइड (घनिष्ठ साथी द्वारा की गई हत्या) बताया है। दमनप्रीत कौर पंजाब के लुधियाना जिले के समराला क्षेत्र के लाल कलां गांव की रहने वाली थीं। वह लगभग पांच वर्ष पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थीं। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थीं और उन्हें विदेश भेजने के लिए परिवार ने कर्ज लिया था।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को एडमॉन्टन के सिल्वरबेरी इलाके स्थित एक घर से संदिग्ध परिस्थितियों में घायल अवस्था में एक युवती मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दमनप्रीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 12 जुलाई को उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।