

संयुक्त राष्ट्र : भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को जवाब देते हुए कहा कि परमाणु हथियारों को शासन चलाने का सामान्य साधन नहीं माना जाना चाहिए और वह किसी भी परमाणु धमकी या दबाव के आगे नहीं झुकेगा। निरस्त्रीकरण और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर संयुक्त राष्ट्र महासभा की प्रथम समिति में भारत के वरिष्ठ सलाहकार अनमोल शेर सिंह बेदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग है। बेदी ने कहा कि भारत की सैन्य क्षमताएं रक्षात्मक हैं और देश की सुरक्षा जरूरतों के अनुरूप हैं। उन्होंने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह पहले उकसाता है, फिर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ता है और भारत की जवाबी कार्रवाई के बाद संयम की अपील करता है। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ किसी भी आतंकवादी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। भारत परमाणु धमकियों के आगे नहीं झुकेगा और आतंकवाद के प्रायोजकों तथा साजिशकर्ताओं में अंतर नहीं करेगा। बेदी ने कहा कि पिछले साल अप्रैल में पहलगाम में 26 लोगों की हत्या के बाद भारत ने आत्मरक्षा में मई में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू कर पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया था।