

न्यूयॉर्क : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि देश गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। उन्होंने बेरोजगारी, कमजोर विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा प्रणाली की खामियों को अर्थव्यवस्था के सामने बड़ी चुनौतियां बताया। कोलंबिया विश्वविद्यालय में मंगलवार को छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद के दौरान गांधी ने कहा कि भारत का आर्थिक मॉडल करीब एक दशक पहले ही अपेक्षित परिणाम देना बंद कर चुका है। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी योजनाओं की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाए। गांधी ने कहा कि छोटे और मझोले उद्योग तथा कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और रोजगार सृजन में उनकी अहम भूमिका है। केवल सेवा क्षेत्र के भरोसे देश की विशाल आबादी को रोजगार नहीं दिया जा सकता। उन्होंने विनिर्माण क्षेत्र को दोबारा मजबूत बनाने पर जोर दिया।कांग्रेस नेता ने निजी निवेश में कमी का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि अदाणी और अंबानी जैसे बड़े कारोबारी समूहों का विस्तार हो रहा है, जबकि छोटे व्यवसाय संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत विनिर्माण क्षेत्र के बिना भारत का आर्थिक विकास संभव नहीं है।