

काठमांडू : भारत और नेपाल के बीच आपदा प्रबंधन, जंगलों में युद्ध कौशल और मानवीय सहायता पर केंद्रित संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास बुधवार को शुरू हुआ। नेपाल की सेना की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘अभ्यास सूर्य किरण’ का 20वां संस्करण रुपन्देही जिले के सालझंडी स्थित ‘नेपाल आर्मी बैटल स्कूल’ में शुरू हुआ। इस अभ्यास में दोनों देशों की सेनाओं के बटालियन स्तर के सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। यह अभ्यास आठ दिसंबर तक चलेगा। इस साल के अभ्यास में भारतीय सेना की 12 कुमाऊं रेजिमेंट और नेपाली सेना की ज्वाला दल बटालियन के जवान शामिल होंगे। अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैन्यकर्मी आपदा प्रबंधन, जंगलों में युद्ध और मानवीय सहायता से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान तथा विशेष अनुभव साझा करेंगे। संयुक्त सैन्य अभ्यास का 19वां संस्करण पिछले साल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आयोजित किया गया था।