केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव

हर क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बना : वैष्णव

‘विकसित भारत का अमृत काल– सेवा सुशासन गरीब कल्याण -11 वर्ष’
Published on

दिल्ली ब्यूरो

नयी दिल्ली : राजग -03 का सत्ता में एक वर्ष और 2014 से लेकर अब तक प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने प्रमुख उपलब्धियां गिनवाते हुए कहा कि सभी जन कल्याण योजनाओं के मूल में अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम का विचार है। सब्सिडी देने के पीछे भी लक्ष्य भारतीय नागरिकों के जीवन में परिवर्तन लाना है विशेष कर मध्यम वर्ग, निम्न मध्यम वर्ग और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों के जीवन में। गरीब की सेवा करना और हाशिए पर जीवन यापन करने वालों को सम्मान देना है। मीडिया के लिए आयोजित एक विशेष कार्यक्रम ‘विकसित भारत का अमृत काल– सेवा सुशासन गरीब कल्याण -11 वर्ष’ में मुख्य उपलब्धियों का ब्यौरा पेश किया गया। 

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत जो कि 2014 में दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था था आज पांचवें नंबर पर है और अगले कुछ महीने में जापान को पीछे छोड़कर विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। हर क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बन चुका है यहां तक कि रक्षा उत्पादन में भी भारत आगे हैं। इस विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी उपस्थित थे लेकिन सरकार की उपलब्धियों की आंकडों सहित प्रस्तुति सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी। उन्होंने बताया कि बुनियादी ढांचे से लेकर अंतरिक्ष तक सब क्षेत्रों में भारत ने एक दशक में वह कर दिखाया जो आज तक पिछली सरकारें नहीं कर पायीं थीं। संस्कृति, विरासत, आदिवासी कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, नवीन ऊर्जा, नारी सशक्तीकरण , स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों के कल्याण की योजनाएं, फसल और आमदनी दोनों दोगुनी करना, डिजिटल इंडिया बनाना यहां तक कि अब कम से कम 30 देश भारत से डिजिटल तकनीक सीखना चाहते हैं। वैष्णव ने कहा कि आज का भारत आतंकवादी हमलों पर चुप नहीं बैठता है। जवाब में उनके घर में घुस कर मारता है। नक्सलवाद का रेड कॉरिडोर सुरक्षाबलों ने खत्म कर दिया है। कश्मीर में पत्थरबाजी और पूर्वोत्तर भारत में हिंसा खत्म हो गयी है। अलगाववादी संगठनों की संख्या हजारों से दहाई पर सिमट गयी है। पूर्वोत्तर भारत में बुनियादी ढांचा एक दशक में बेहतरीन हो गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस सरकार ने दुनिया में भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया है। देश की अमृत पीढ़ी को सशक्त कर रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in