

वाशिंगटन : अमेरिका के यूटा राज्य में सॉल्ट लेक सिटी के पास स्थित एक शॉपिंग मॉल के अंदर एक भारतीय नागरिक पर कथित तौर पर उसके धर्म के कारण 15 बार चाकू से हमला किया गया। यूटा के वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली सिटी मॉल में काम करने वाले सैयद सोहैलुद्दीन पर पीटर माइकल लार्सन नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर हमला किया। खबर के मुताबिक, हमले से पहले आरोपी ने सोहैलुद्दीन से उसका धर्म पूछा था।
पुलिस ने आरोपी लार्सन को हत्या के प्रयास और प्रतिबंधित खतरनाक हथियार रखने के संदेह में गिरफ्तार कर लिया है। अदालत के रिकॉर्ड के हवाले से खबर में कहा गया है कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने सोहैलुद्दीन को उसके धर्म के कारण निशाना बनाया। सोहैलुद्दीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी सर्जरी की गई। वहीं, आरोपी लार्सन को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया, क्योंकि हमला रोकने के लिए बीच-बचाव करने वाले लोगों ने उसकी पिटायी की थी, जिससे वह घायल हो गया। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने यूटा में भारतीय नागरिक पर हुए इस हमले पर गहरा दुख जताया है।
महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘‘महावाणिज्य दूतावास पीड़ित के मित्रों और परिजनों के लगातार संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। हम स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।’’