केरल: फ्लाइट में मलयालम अभिनेत्री से उत्पीड़न का आरोप, हिरासत में युवक

केरल: फ्लाइट में मलयालम अभिनेत्री से उत्पीड़न का आरोप, हिरासत में युवक
Published on: 

कोच्चि: मलयालम फिल्म की एक अभिनेत्री के साथ बद्सलूकी का मामला सामने आया है। कोच्चि जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान में एक पुरुष सहयात्री पर अभिनेत्री दिव्या प्रभा ने उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पूरी घटना मंगलवार(10 अक्टूबर) की बताई जा रही है। अभिनेत्री ने इस घटना के बाद तुरंत ऐक्‍शन लिया और पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। सोशल मीडिया पर अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया क‌ि एयरलाइन के ग्राउंड ऑफिस और फ्लाइट क्रू की प्रतिक्रिया निराशाजनक थी।

उन्होंने लिखा कि मेरे साथ हुई वाक्या की जानकारी तब मैनें एयर होस्टेस को दी तो उन्हाेंने अफसोस जताते हुए उड़ान भरने से ठीक पहले मुझे केवल दूसरी सीट पर स्थानांतरित कर दिया। कोच्चि हवाई अड्डे पर उतरने के बाद अभिनेत्री ने इस घटना की सूचना हवाई अड्डा और एयरलाइन के अधिकारियों को दी, जिन्होंने उस व्यक्ति को पुलिस की हिरासत में भेज दिया।

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

इंस्टाग्राम पोस्ट में इस संबंध में ईमेल के माध्यम से स्थानीय पुलिस के पास दर्ज शिकायत की एक प्रति भी दिव्या ने साझा की। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वह यात्री उसकी सीट पर बैठ गया और उससे झगड़ा करने लगा। अभिनेत्री ने उस पर दुर्व्यवहार करने तथा अनुचित तरीके से उसे छूने का आरोप भी लगाया।

शिकायत पर पुलिस का बयान

नेदुम्बस्सेरी पुलिस ने बुधवार को कहा कि उन्हें अभिनेत्री की ओर से एक ईमेल मिला है जिसमें इसे उसकी औपचारिक शिकायत मानने का अनुरोध किया गया है। एक अधिकारी ने बताया क‌ि 'हम मामले की जांच कर रहे हैं। हम घटना के संबंध में अधिक जानकारी जुटाने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक हमारी उनसे फोन पर बात नहीं हुई है।' उन्होंने बताया कि अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है और उनसे संपर्क करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in