

न्यूयार्क : अमेरिका के न्यूयार्क में मैडिसन स्क्वायर गार्डन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के प्रवासी भारतीयों को संबोधित करने से पहले, टाइम्स स्क्वायर के बीचों-बीच लगे होर्डिंग पर उनकी तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। भागवत आरएसएस के शताब्दी वर्ष के वैश्विक जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अमेरिका पहुंचे थे। अमेरिका में, वह शनिवार को प्रसिद्ध मैडिसन स्क्वायर गार्डन में लगभग 5,000 लोगों की सभा को संबोधित करेंगे। ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ नामक इस कार्यक्रम का आयोजन ‘अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग’ (एएचईएडी) द्वारा किया जा रहा है। संगठन ने इस कार्यक्रम को ‘‘ऐतिहासिक रक्षाबंधन समारोह’’ के रूप में बताया है। आयोजकों ने कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मुख्य वक्ताओं के संबोधनों के माध्यम से इस कार्यक्रम में सार्वभौमिक एकता के विषय और हिंदू दर्शन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’-अर्थात पूरी दुनिया एक परिवार है- पर विचार किया जायेगा। इस कार्यक्रम से पहले, शुक्रवार शाम को टाइम्स स्क्वायर के मुख्य होर्डिंग में से एक पर भागवत की तस्वीरें “संकल्प, सद्भाव और संवाद” शीर्षक के साथ प्रदर्शित की गईं। भागवत की तस्वीरें होर्डिंग पर प्रदर्शित होने के दौरान, भारतीय-अमेरिकी समुदाय के कई सदस्यों ने टाइम्स स्क्वायर पर तस्वीरें खिंचवाईं। मैडिसन स्क्वायर गार्डन में भागवत के प्रस्तावित कार्यक्रम की कई नागरिक अधिकार संगठनों ने आलोचना की है।