

पूर्वोत्तर भारत में भूकंप के खतरे और जमीन के हिलने की तीव्रता का बेहतर आकलन करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) गुवाहाटी के शोधकर्ताओं ने एक नई तकनीक विकसित की है। इस तकनीक की मदद से भविष्य में संभावित भूकंप के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में जमीन कितनी तीव्रता से हिल सकती है, इसका अनुमान लगाया जा सकेगा। शोध के निष्कर्ष प्रतिष्ठित Journal of Seismology में प्रकाशित हुए हैं।
शोधकर्ताओं ने पिछले 1,200 वर्षों में आए भूकंपों से संबंधित ऐतिहासिक जानकारियां एकत्र कर लगभग 6,000 भूकंपों का विस्तृत डेटाबेस तैयार किया है। इसके साथ ही टीम ने 200 कृत्रिम भूकंप कैटलॉग भी तैयार किए, जिनमें भूकंप के स्थान और तीव्रता से जुड़ी संभावित अनिश्चितताओं को शामिल किया गया। इसके लिए लैटिन हाइपरक्यूब सैंपलिंग नामक सांख्यिकीय तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
दरअसल, पूर्वोत्तर भारत दो टेक्टोनिक सीमाओं के बीच स्थित है। यहां शिलांग पठार और कई भूगर्भीय भ्रंश (Faults) मौजूद हैं, जिसके कारण यह क्षेत्र भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। वर्ष 1897 का शिलांग भूकंप और 1950 का असम भूकंप इस क्षेत्र में भारी तबाही मचा चुके हैं। ऐसे में भूकंप के संभावित प्रभावों का सटीक आकलन करना भवनों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचों को सुरक्षित बनाने के लिए महत्वपूर्ण है।
IIT गुवाहाटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर अभिषेक कुमार ने बताया कि भूकंप के दौरान जमीन कितनी तीव्रता से हिल सकती है, इसका आकलन सीस्मिक हैजर्ड असेसमेंट (Seismic Hazard Assessment) कहलाता है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक तरीकों में दो प्रमुख चुनौतियां हैं। पहली, पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियां समान नहीं हैं और कुछ इलाकों में अधिक तीव्रता से भूकंप आते हैं। दूसरी, पुराने समय में आधुनिक मापन उपकरण उपलब्ध नहीं होने के कारण ऐतिहासिक भूकंपों के आंकड़ों में अनिश्चितताएं मौजूद हैं।
इन समस्याओं को दूर करने के लिए शोधकर्ताओं ने कर्नेल डेंसिटी एस्टीमेशन (Kernel Density Estimation) नामक गणितीय तकनीक का इस्तेमाल किया। इसमें क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और भूकंप की स्थानीय गतिविधियों को ध्यान में रखा जाता है। साथ ही भूगर्भीय भ्रंशों की दिशा को भी शामिल किया गया है, क्योंकि इन भ्रंशों के आसपास भूकंपीय गतिविधियां होने की संभावना अधिक रहती है। टीम ने गुवाहाटी, अगरतला, इंफाल, शिलांग, आइजोल, कोहिमा, गंगटोक और ईटानगर सहित आठ शहरों का अध्ययन किया।
अध्ययन में इंडो-बर्मा रेंज में सबसे अधिक भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गईं। इसके बाद पश्चिमी अरुणाचल प्रदेश, मध्य असम, शिलांग पठार और दक्षिणी सिक्किम का स्थान रहा। शोधकर्ताओं ने जमीन के हिलने की तीव्रता मापने के लिए पीक ग्राउंड एक्सेलेरेशन (PGA) का इस्तेमाल किया। अध्ययन में शामिल आठ शहरों में इंफाल में जमीन के हिलने का अनुमानित स्तर सबसे अधिक पाया गया।
शोधकर्ताओं के अनुसार, इस तकनीक से प्राप्त जानकारी और मिट्टी की संरचना जैसे स्थानीय भूगर्भीय कारकों का अध्ययन करके इंजीनियर अधिक सुरक्षित और भूकंपरोधी इमारतों का निर्माण कर सकेंगे। अब शोध टीम भूकंप की गहराई से जुड़ी अनिश्चितताओं और भूकंप की पुनरावृत्ति के मॉडल को भी इस तकनीक में शामिल करने की योजना बना रही है। इससे भविष्य में पूर्वोत्तर भारत के लिए भूकंप संबंधी जोखिम का आकलन और अधिक सटीक बनाया जा सकेगा।