

बीजिंग : चीन के तिब्बत क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम 7.0 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 54 अन्य घायल हो गए तथा क्षेत्र के उत्तरी हिस्से में स्थित नागकू शहर में सैकड़ों मकान ढह गए। नागकू के मीडिया कार्यालय ने शहर के अधिकारियों के हवाले से बताया कि 339 मकान और पशुओं के 20 बाड़े ढह गए हैं। इसके बाद खोज एवं बचाव अभियान जारी है। बचाव कार्यों के लिए स्थानीय कस्बे के 1,600 से अधिक लोगों को तैनात किया गया। क्षेत्र में राहत सामग्री भी पहुंचाई गई, जिसमें पहले से तैयार 1,000 आवासीय इकाइयां, लगभग 3,000 तंबू, तह किए जा सकने वाले बिस्तर, टॉर्च और सर्दियों के कपड़े शामिल हैं। भूकंप का केंद्र तिब्बत के उत्तरी हिस्से में नागकू से 191 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व में स्थित एक कम आबादी वाले लेकिन ऊंचाई वाले इलाके में जमीन से 18 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। क्षेत्र के कुछ हिस्सों में संचार सेवाएं ठप हो गई हैं। स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने आपात कदम उठाते हुए क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेनों को रोक दिया है। भूकंप के कारण चट्टानें भी खिसकीं, जिसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 317 के एक हिस्से को बंद कर दिया।