

काहिरा : यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने दक्षिणी लाल सागर में रणनीतिक रूप से अहम कुछ और द्वीपों पर कब्जा कर लिया है जिससे इस प्रमुख समुद्री व्यापार मार्ग पर उनकी पकड़ और मजबूत हो गई है। यमन सरकार एवं हूती अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। ‘ग्रेटर हनीश’ और ‘लेसर हनीश’ द्वीपों पर यह कब्जा ऐसे समय हुआ है जब बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास हूतियों के तेजी से आगे बढ़ने के बाद, सऊदी अरब समर्थित सरकारी बल सप्ताहांत में फिर से संगठित होकर जवाबी कार्रवाई की कोशिश कर रहे थे। बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य, होर्मुज जलडमरूमध्य का एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक समुद्री मार्ग है। हूतियों द्वारा और द्वीपों पर कब्जा किए जाने से सऊदी अरब के कच्चे तेल की खेप को निशाना बनाने की विद्रोहियों की क्षमता और बढ़ गई है। सऊदी अरब होर्मुज जलडमरूमध्य की जगह लाल सागर के रास्ते कच्चा तेल भेज रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान जहाजों पर हमले कर रहा है। दो सरकारी अधिकारियों और एक हूती अधिकारी के अनुसार, सरकार समर्थक सैकड़ों सैनिकों के द्वीपसमूह से हटने के बाद विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य से 160 किलोमीटर उत्तर में स्थित हनीश द्वीपों पर अपने लड़ाकों को तैनात कर दिया।
होर्मुज में पोतों की आवाजाही को लेकर बैठक स्थगित
होर्मुज जलडमरूमध्य में केश्म द्वीप के पास रविवार तड़के एक ईरानी मालवाहक पोत पर हमले के बाद तेहरान ने जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही के प्रबंधन के अपने प्रयासों के बारे में पड़ोसी देशों को जानकारी देने की योजना स्थगित कर दी। लाल सागर में पोतों की आवाजाही पर खतरा पिछले सप्ताह बढ़ने के बाद इस हमले ने होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर एक बार फिर ध्यान खींचा है। ईरान ने कहा था कि क्षेत्र के देशों के विदेश मंत्री सोमवार को ओमान में बैठक करेंगे तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही के प्रबंधन के लिए ईरान और जलडमरूमध्य के दूसरी ओर स्थित ओमान के प्रयासों पर चर्चा करेंगे। हालांकि, ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने रविवार देर रात कहा कि आम सहमति के हित में बैठक स्थगित कर दी गई है।