खंडवा/बुरहानपुर में भीषण हादसा: बारातियों से भरा ट्रक पलटा, 100 से अधिक घायल

ढाबा से चुनाखाल जा रही बारात का ट्रक तेज ढलान और मोड़ पर हादसे का शिकार, कई गंभीर रूप से घायल जिला अस्पताल रेफर, पुलिस ने गति और अधिक भार को प्राथमिक कारण मानकर जांच तेज की
दुर्घटना में 100 से ज्यादा लोग हुए घायल
बारातियों से भरी ट्रक पलटने से कई घायल
Published on

खंडवा। बुरहानपुर जिला में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें बारातियों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में 100 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।

बारातियों को लेकर जा रही थी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढाबा गांव से एक बारात चुनाखाल गांव की ओर जा रही थी। बारातियों को लेकर जा रहा ट्रक सुबह लगभग 10:30 बजे आड़ा खेड़ा जंगल मोड़ पर अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक में क्षमता से कहीं अधिक लोग सवार थे। अनुमान है कि वाहन में लगभग 140 से अधिक बाराती मौजूद थे। मोड़ पर तेज ढलान और घुमाव के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ।

ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव कार्य

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों के जरिए खालवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 10 से अधिक घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकांश घायलों को सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, तहसीलदार राजेश कोचले और नायब तहसीलदार विनोद यादव भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि मोड़ पर तेज गति और अधिक भार के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच तेज कर दी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in