Honeymoon Murder Case: मेघालय सरकार ने 36 लोगों को किया सम्मानित

गुरुवार को सभी को किया गया सम्मानित
Honeymoon Murder Case: मेघालय सरकार ने 36 लोगों को किया सम्मानित
Published on: 

शिलांग : मेघालय सरकार ने राजा रघुवंशी के शव का पता लगाने और जांच प्रक्रिया में राज्य पुलिस की मदद करने के लिए एक पर्यटक गाइड और 35 अन्य जांबाज लोगों को गुरुवार को सम्मानित किया। मेघालय पुलिस ने दावा किया है कि राजा रघुवंशी की उनकी पत्नी सोनम ने अपने चार सहयोगियों के साथ मिलकर तब हत्या कर दी थी जब दंपति हनीमून मनाने मेघालय आया हुआ था। राज्य के मंत्री पॉल लिंगदोह ने मामले की प्रारंभिक जांच के दौरान तलाशी अभियान में पुलिस की सक्रिय सहायता करने के लिए ट्रैवल गाइड अल्बर्ट पी. और 35 अन्य लोगों को 5.4 लाख रुपये का नकद पुरस्कार वितरित किया। इनमें कई पर्वतारोही और पर्यटकों को सुविधाए मुहैया कराने वाले भी शामिल हैं।

रघुवंशी और उनकी पत्नी 23 मई को मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा इलाके में छुट्टियां मनाते समय लापता हो गए थे। रघुवंशी का शव 2 जून को एक खड्ड में मिला था, जबकि उनकी पत्नी घटना के बाद से लापता थी।

प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सीसीटीवी लगाने की योजना :

अल्बर्ट ने बताया था कि उन्होंने दंपत्ति को तीन लोगों के साथ 23 मई को पूर्वाह्न 10 बजे के आसपास नोंग्रियात से मावलाखियात तक 3,000 से अधिक सीढ़ियां चढ़ते हुए देखा था। पर्यटक गाइड ने दावा किया था कि उसने पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीरों में से एक संदिग्ध की पहचान की थी। पर्यटन मंत्री लिंगदोह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आगंतुकों से मेघालय आने का आग्रह किया और कहा कि ‘‘गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा’’। उन्होंने कहा कि सरकार प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बना रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News