अंडमान-निकोबार में 7 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
अंडमान-निकोबार में 7 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में अगले सात दिनों के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। राज्य नियंत्रण कक्ष, आपदा प्रबंधन निदेशालय की ओर से सोमवार को जारी मौसम, मछुआरा, किसान एवं पोर्ट चेतावनी में 17 से 23 अगस्त तक मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। चेतावनी के अनुसार अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में एक-दो स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली चमकने की संभावना है। यह स्थिति सोमवार से अगले सात दिनों के दौरान बनी रह सकती है। मौसम संबंधी चेतावनी के साथ मछुआरों के लिए भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह जारी की गई है। 17 अगस्त को अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान एवं निकोबार के तटों के आसपास तथा समुद्र में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो कभी-कभी 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। ऐसे में मछुआरों को अगले 24 घंटों के दौरान समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है। समुद्री क्षेत्र के लिए जारी स्वेल सर्ज अलर्ट के अनुसार अंडमान एवं निकोबार के तटों पर 16 से 23 सेकंड की अवधि वाली स्वेल लहरें उठ सकती हैं, जिनकी ऊंचाई 1.4 से 1.8 मीटर तक रहने का अनुमान है। यह स्थिति 18 अगस्त को रात 11:30 बजे तक रहने की संभावना जताई गई है। समुद्र में लहरों के अचानक तेज होने की आशंका को देखते हुए नावों के संचालन में अत्यधिक सतर्कता बरतने तथा समुद्र से जुड़ी मनोरंजक गतिविधियों में भी सावधानी रखने की सलाह दी गई है। किसानों के लिए जारी चेतावनी में 17 से 21 अगस्त तक अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में एक-दो स्थानों पर बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश जैसी मौसम संबंधी गतिविधियों की संभावना जताई गई है। किसानों को मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, पोर्ट चेतावनी में आगामी दो दिनों के लिए मौसम की स्थिति में विशेष बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। राज्य नियंत्रण कक्ष ने संबंधित विभागों, नियंत्रण कक्षों और आपातकालीन संचालन केंद्रों को मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार सतर्क रहने को कहा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in