दिल्ली से डेढ़ घंटे में हरिद्वार-ऋषिकेश
नयी दिल्ली : दिल्ली-देहरादून के बीच 6 लेन के एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे (NH-709B) का हरिद्वार तक विस्तार होने जा रहा है। दिल्ली से देहरादून आने वाले यात्रियों को सीधे हरिद्वार भेजने के लिए 51 किलोमीटर लंबा बनाया जा रहा है। ये लिंक एक्सप्रेसवे सहारनपुर के सोहनचिड़ा मस्त से चालू होकर रुड़की बाईपास से होते हुए हरिद्वार के बहादराबाद तक जाएगा। सामान्य सड़क रूट से दिल्ली से हरिद्वार जाने में अभी भारी ट्रैफिक के कारण 3 से 4 घंटे लगते हैं। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे या एनएच 9 के रास्ते बस या कार से 4-5 घंटे तक लग जाते हैं। लेकिन नए एक्सप्रेसवे और हरिद्वार लिंक के खुलने के बाद दिल्ली से हरिद्वार का सफर डेढ़ घंटा रह जाएगा।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का हरिद्वार लिंक रूट
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक जाने वाले लिंक को सहारनपुर-रुड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे कहा जाता है। इस लिंक एक्सप्रेस को आगे चलकर हरिद्वार में नए प्रस्तावित इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी सीधे जोड़ा जाएगा। इससे दिल्ली एयरपोर्ट या हरिद्वार के भावी एयरपोर्ट पर यात्री को सड़क मार्ग का एक विकल्प मिल जाएगा। इससे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से देहरादून जाने का वक्त भी 6-7 घंटे से घटकर दो से ढाई घंटे रह जाएगा।

