

हरियाणाः हरियाणा के हांसी शहर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब फव्वारा चौक के निकट बाइक सवार बदमाशों ने एक जिम संचालक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। हमलावरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और कुछ ही सेकेंड में गोलियां बरसाकर मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान कपिल के रूप में हुई है, जो शहर में जिम संचालित करता था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:30 बजे कपिल फव्वारा चौक के पास दुकानों के सामने बने रैंप पर युवक-युवतियों को फिटनेस प्रशिक्षण दे रहा था। इसी दौरान हेलमेट पहने दो बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने महज पांच सेकेंड के भीतर करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। कई गोलियां कपिल के सिर और पीठ में लगीं, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हमले के समय वहां मौजूद शिखा नाम की एक युवती भी फायरिंग की चपेट में आ गई। उसे छर्रे लगने से चोटें आई हैं। घायल युवती को उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में हमलावरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गई हैं। फुटेज में बदमाशों की आवाजाही और हमले के बाद उनका भागना दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को जांच का अहम हिस्सा बनाया है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा (सीआईए), फॉरेंसिक टीम और सीन ऑफ क्राइम यूनिट को भी जांच में लगाया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को घटनास्थल से सभी महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित करने के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस गैंगस्टर हरी बॉक्सर के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सामने आई कुछ जानकारियों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस मृतक के साले से भी पूछताछ कर रही है।
हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।
मृतक कपिल मूल रूप से जींद जिले के दलमवाला गांव का निवासी था। वह पिछले कई वर्षों से हांसी में रहकर जिम संचालित कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसने कुछ समय पहले ही प्रेम विवाह किया था।
इस हत्याकांड के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि स्थानीय लोगों में भी आक्रोश और भय का माहौल है।